नोएडा में स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, स्कूल मैनेजमेंट को आया धमकी भरा ईमेल, बच्चों को घर भेजकर चलाया गया सर्च अभियान

top-news
नोएडा के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सेक्टर-62 के फादर एंजल स्कूल में पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने सर्च ऑपरेशन चलाया। जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, फिलहाल जांच जारी है।

नोएडा में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन के ई-मेल आईडी पर भेजे गए धमकी भरे संदेश में स्कूल परिसर में बम होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया और एहतियात के तौर पर कई स्कूलों में सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत अभिभावकों को सूचना दी और उन्हें अपने बच्चों को घर ले जाने के लिए कहा। इस दौरान कई अभिभावक घबराए हुए स्कूल पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित घर लेकर गए।


फादर एंजल स्कूल में चला सर्च ऑपरेशन

सेक्टर-62 स्थित Father Angel School को भी धमकी भरा ई-मेल मिला। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर थाना सेक्टर-58 पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची। पुलिस ने पूरे स्कूल परिसर को घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया। कक्षाओं, पार्किंग, मैदान और अन्य सभी हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही स्कूल में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर भी नजर रखी गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।


संदिग्ध कुछ नहीं मिला, जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर जांच प्रक्रिया जारी रखी गई है। साथ ही धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस ई-मेल के तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह मेल कहां से भेजा गया। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *