दिल्ली से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की डायरेक्ट कनेक्टिविटी, लिंक एलिवेटेड रोड को मिली मंजूरी, 150 करोड़ रुपये का है प्रोजेक्ट

top-news
नोएडा में चिल्ला एलिवेटेड रोड से सेक्टर-94 तक नया लिंक रोड बनने जा रहा है। इससे दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच को आसान बनाने के लिए एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान सामने आया है। नोएडा प्राधिकरण ने चिल्ला एलिवेटेड रोड से सेक्टर-94 तक नए एलिवेटेड लिंक रोड को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दिल्ली से आने वाले वाहन बिना नोएडा शहर के अंदर प्रवेश किए सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे। इससे ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 1.5 किलोमीटर लंबी इस एलिवेटेड रोड को लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। फिलहाल प्राधिकरण इस परियोजना की डीपीआर तैयार कराने की प्रक्रिया में जुट गया है।


7किमी लंबा होगा पूरा एलिवेटेड कॉरिडोर

यह नया लिंक रोड चिल्ला एलिवेटेड के अंतिम छोर से शुरू होकर सेक्टर-94 तक जाएगा। अभी 5.5 किलोमीटर लंबी चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य जारी है। इसमें 1.5 किलोमीटर का नया हिस्सा जुड़ने के बाद पूरा एलिवेटेड कॉरिडोर करीब 7 किलोमीटर लंबा हो जाएगा। सेक्टर-94 तक बनने के बाद इस रोड को आगे यमुना पुश्ता मार्ग से जोड़ने की भी योजना है, जिससे यह कॉरिडोर और ज्यादा उपयोगी बन जाएगा। यह कनेक्टिविटी सीधे सेक्टर-150 और यमुना एक्सप्रेसवे तक जाएगी, जिससे एयरपोर्ट पहुंचना काफी आसान हो जाएगा।


ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, शहर में दबाव होगा कम
अभी दिल्ली से आने वाले अधिकतर वाहनों को नोएडा के अंदरूनी रास्तों से गुजरना पड़ता है, जिससे सेक्टर-18, फिल्म सिटी और एक्सप्रेसवे पर भारी जाम लगता है। इस नए एलिवेटेड रोड के बनने से वाहन सीधे आगे बढ़ सकेंगे और शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। खासकर ऑफिस टाइम में लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही इस रोड पर लूप और कनेक्टिंग मार्ग भी बनाए जाएंगे, ताकि आसपास के सेक्टरों के लोग भी इसका फायदा उठा सकें।


डीपीआर के बाद शुरू होगा निर्माण, जल्द दिखेगा असर
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार की जाएगी। इसमें निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं, लागत और डिजाइन का पूरा खाका तैयार होगा। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। माना जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद नोएडा और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *