ESIC हॉस्पिटल की 5वीं मंजिल से कूदकर कैंसर के मरीज ने की आत्महत्या, बीमारी और तनाव के चलते उठाया कदम

top-news
नोएडा के ESIC अस्पताल में 47 वर्षीय कैंसर मरीज ने 5वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नोएडा के ESIC अस्पताल में मंगलवार को एक कैंसर मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय मुकेश कुमार, निवासी भंगेल के रूप में हुई है। वह मुंह के कैंसर से पीड़ित था और 9 मार्च से अस्पताल में भर्ती था। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मरीज ने 5वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।


बीमारी और तनाव के चलते उठाया कदम
बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और मानसिक रूप से भी तनाव में थे। मंगलवार को वह अस्पताल की 5वीं मंजिल पर सीढ़ियों के पास पहुंचे और खिड़की खोलकर नीचे कूद गए। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, उनकी पत्नी अस्पताल में ही देखभाल कर रही थीं। घटना के समय वह कुछ देर के लिए शौचालय गई थीं। लौटने पर मरीज वार्ड में नहीं मिला, जिसके बाद तलाश शुरू की गई और कुछ ही देर में नीचे उसका शव मिला। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।


परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के समय वहां कोई भी स्टाफ मौजूद नहीं था, जिससे इस तरह की घटना हो गई। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *