नोएडा के गोल्फ व्यू अपार्टमेंट में साफ्टवेयर इंजीनियर ने किया सुसाइड, स्टडी रूम में फंदे से लटकी मिली लाश, सुबह उठकर देखा तो चौंक गए घरवाले

top-news
नोएडा के सेक्टर-78 में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने स्टडी रूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से सुसाइड नोट मिला है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नोएडा के सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू सोसाइटी में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपने फ्लैट के स्टडी रूम में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह करीब सात बजे जब पत्नी और बेटा सोकर उठे, तो उन्होंने अनुराग निरंजन (43) का शव फंदे से लटकता देखा। यह दृश्य देखते ही दोनों की चीख निकल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे सोसाइटी परिसर में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।


स्टडी रूम में मिला शव, परिवार को लिखी माफी

मूल रूप से जालौन जिले के किशनपुरा गांव के रहने वाले अनुराग निरंजन पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और रेलवे को सॉफ्टवेयर सेवा देने वाली अर्द्धसरकारी कंपनी में कार्यरत थे। वह पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ इसी सोसाइटी के चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट में रह रहे थे। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता, पत्नी, बेटे और एक दोस्त से माफी मांगी है। साथ ही दोस्त से अनुरोध किया है कि उनकी मृत्यु के बाद संपत्ति के ट्रांसफर में परिवार की मदद करें। हालांकि नोट में आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है और न ही किसी पर आरोप लगाया गया है।


रात में उठे, सुबह मिला शव, सीसीटीवी से जांच

पुलिस जांच में सामने आया है कि गुरुवार तड़के करीब तीन बजे अनुराग अपने फ्लैट से नीचे गए थे और कार से बैडमिंटन किट लेकर वापस लौटे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि उसी किट में मौजूद प्लास्टिक की रस्सी का इस्तेमाल कर उन्होंने फंदा लगाया। घटना के बाद पुलिस ने मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल डिवाइस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। पड़ोसियों के मुताबिक अनुराग सामान्य जीवन जीते थे और नियमित रूप से बैडमिंटन भी खेलते थे।


हाल ही में खरीदा था फ्लैट, लोन भी लिया था

जानकारी के अनुसार, अनुराग ने हाल ही में एक और फ्लैट खरीदा था, जिसके लिए उन्होंने बैंक से ऋण भी लिया था। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आर्थिक दबाव या किसी अन्य कारण ने उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए गहराई से जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *