नोएडा पुलिस ने 3 महीने में अब तक 1600 से अधिक साइबर अपराधी किए गिरफ्तार, अलग-अलग जनपदों व राज्यों से दबोचे गए आरोपी
- Shiv Kumar
- 27 Mar, 2026
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के तहत साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता सामने आई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम पुलिस लगातार सक्रिय कार्रवाई कर रही है। 1 जनवरी 2023 से 27 मार्च 2026 तक साइबर क्राइम से जुड़े विभिन्न मामलों में कुल 1692 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां देश के कई राज्यों—पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और गुजरात सहित विभिन्न स्थानों से की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
139 करोड़ से ज्यादा रकम फ्रीज, पीड़ितों को मिली राहत
साइबर क्राइम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में ठगी की रकम को भी सुरक्षित किया है। आंकड़ों के अनुसार कुल 139 करोड़ 54 लाख 11 हजार 170 रुपये की धनराशि फ्रीज कराई गई है। वहीं 68 करोड़ 37 लाख 48 हजार 484 रुपये की रकम पीड़ितों को वापस भी कराई गई है। यह कार्रवाई डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन इंवेस्टमेंट फ्रॉड, केवाईसी अपडेट, फर्जी कस्टमर केयर और लोन ऐप्स से जुड़े मामलों में की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी संसाधनों और मॉनिटरिंग के जरिए ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जागरूकता अभियान से भी अपराध पर लगाम
साइबर अपराध रोकने के लिए पुलिस केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता पर भी जोर दे रही है। विभिन्न जनजागरूकता अभियानों, सोशल मीडिया, कार्यशालाओं और साइबर सुरक्षा कार्यक्रमों के जरिए लोगों को लगातार सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में नागरिकों को बताया जा रहा है कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक या केवाईसी अपडेट के नाम पर अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साथ ही “डिजिटल अरेस्ट” जैसे फ्रॉड से बचने के तरीके भी समझाए जा रहे हैं।
सतर्क रहें, तुरंत करें शिकायत
पुलिस कमिश्नरेट ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सावधान रहें और केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






