विधायक धीरेंद्र सिंह पहुंचे दिल्ली, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, चोला स्टेशन को आधुनिक हब बनाने को लेकर हुई चर्चा

top-news
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चोला स्टेशन के आधुनिकीकरण और एयरपोर्ट रेल कनेक्टिविटी पर चर्चा की। मल्टीमॉडल हब और लॉजिस्टिक्स सेंटर बनाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे क्षेत्र में विकास और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

धीरेन्द्र सिंह ने जेवर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए गुरुवार को अश्विनी वैष्णव से संसद भवन में अहम मुलाकात की। इस बैठक में चोला रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के तेजी से विकास को देखते हुए मजबूत और आधुनिक रेल नेटवर्क बेहद जरूरी हो गया है। इस पहल से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।


चोला स्टेशन को मल्टीमॉडल हब बनाने पर जोर
बैठक के दौरान विधायक धीरेन्द्र सिंह ने चोला रेलवे स्टेशन को मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना है कि इस स्टेशन के विकास से जेवर एयरपोर्ट और पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और एयरपोर्ट तक तेज व सुगम रेल संपर्क की जरूरत पर भी जोर दिया। नई रेल लाइन के जल्द अनुमोदन और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव जैसे मुद्दे भी बैठक में प्रमुख रूप से उठाए गए।


लॉजिस्टिक्स हब बनने से बढ़ेगा निवेश और रोजगार
विधायक ने चोला स्टेशन को लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने का सुझाव भी दिया। उनका मानना है कि इससे माल परिवहन आसान होगा और क्षेत्र में इंडस्ट्री को नई गति मिलेगी। इससे निवेश के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। जेवर क्षेत्र पहले से ही एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के कारण निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, ऐसे में बेहतर रेल कनेक्टिविटी इस विकास को और तेज कर सकती है।


रेल मंत्री ने दिए सकारात्मक संकेत
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा और जरूरी कदम उठाए जाएंगे। विधायक ने भी विश्वास जताया कि आने वाले समय में जेवर क्षेत्र देश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में उभरेगा। इस बैठक में संजय शर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *