एक्सप्रेसवे पर बनेगा अंडरपास, किया गया डायवर्जन, सर्विस रोड बंद, अब नए रूट से चलेंगे वाहन, जानें किस रास्ते से होगा आवागमन
- Shiv Kumar
- 04 Apr, 2026
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वालों के लिए अहम खबर है। नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-108 के पास छोटे अंडरपास को बड़ा बनाने के लिए निर्माण कार्य शुरू करने जा रहा है, जिसके चलते सर्विस रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इस काम के दौरान कई जगहों पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा, ताकि निर्माण सुरक्षित तरीके से किया जा सके और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। एक्सप्रेस-वे का मुख्य ट्रैफिक पहले की तरह चलता रहेगा, लेकिन सर्विस रोड पर बदलाव किया गया है।
इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
डायवर्जन के तहत नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर सेक्टर-82 उतरने वाले कट से करीब 100 मीटर आगे से लेकर सेक्टर-82 एक्सप्रेस-वे चढ़ने वाले कट तक यातायात बंद रहेगा। वहीं ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाले सर्विस मार्ग पर सेक्टर-130 सुल्तानपुर कट से सेक्टर-128 की ओर उतरने वाले कट तक आवाजाही पर रोक रहेगी। यह फैसला अंडरपास निर्माण के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
ऐसे करना होगा वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल
प्राधिकरण ने वैकल्पिक रूट भी तय किए हैं। सेक्टर-82 से उतरकर सेक्टर-127, 128, 129 और 132 की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-108 छोटे अंडरपास से पहले बाएं मुड़कर एचएमईएल पेट्रोल पंप के सामने यू-टर्न लेकर डबल सर्विस रोड के जरिए जेपी फ्लाईओवर से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं सेक्टर-132 और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहन सेक्टर-128 के कट से एक्सप्रेस-वे पर चढ़कर बख्तावरपुर गोलचक्कर होते हुए आगे जा सकेंगे।
अन्य सेक्टरों के लिए भी तय किए गए रूट
सेक्टर-82, 108 और गेझा गांव की ओर से आने वाले वाहनों को भी जेपी फ्लाईओवर और डबल सर्विस रोड का इस्तेमाल करना होगा। वहीं सेक्टर-92 और 93 की ओर से आने वाले वाहन पंचशील अंडरपास के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इस दौरान सेक्टर-108 छोटा अंडरपास पूरी तरह बंद रहेगा। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे तय किए गए डायवर्जन का पालन करें और यात्रा से पहले रूट की जानकारी जरूर लें, ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






