नोएडा के नालों पर बनेंगे STP, 8 में से 5 के लिए कंपनी की तलाश शुरू, डेढ़ साल में काम पूरा करने का टारगेट, 2 करोड़ प्रति प्लांट होगा खर्च

top-news
नोएडा में प्रदूषण रोकने के लिए 8 नए STP बनाए जाएंगे। इससे नालों का गंदा पानी ट्रीट कर यमुना और हिंडन नदी को साफ रखने में मदद मिलेगी।

नोएडा में नालों और नदियों के बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए प्राधिकरण ने बड़ा फैसला लिया है। शहर में आठ नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाए जाएंगे, ताकि नालों में गिरने वाले गंदे पानी को साफ कर दोबारा उपयोग में लाया जा सके। इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


नालों पर ही लगेगा STP, यमुना-हिंडन को मिलेगा राहत

प्राधिकरण के अनुसार, इन STP प्लांट्स को उन स्थानों पर लगाया जाएगा जहां से गंदा पानी सीधे नालों में गिरता है। इससे सीवेज को स्रोत पर ही ट्रीट किया जा सकेगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य यमुना और हिंडन नदी में प्रदूषण को कम करना और भूजल संरक्षण को बढ़ावा देना है। यह कदम नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के फरवरी 2020 के उस आदेश के बाद उठाया गया है, जिसमें नालों में बिना ट्रीटमेंट के सीवेज डालने पर सख्ती दिखाई गई थी। प्राधिकरण अब इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है ताकि भविष्य में प्रदूषण की समस्या को नियंत्रित किया जा सके।


पहले चरण में 9 नालों का चयन, जल्द शुरू होगा काम

पहले चरण में मोरना, सेक्टर-34, 25, 91, 105, 108, एमिटी यूनिवर्सिटी के पास, हरौला और सेक्टर-62 के नालों को चुना गया है। जरूरत पड़ने पर आगे और नालों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। हर STP की क्षमता करीब 8 एमएलडी होगी और एक प्लांट पर लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। फिलहाल पांच नालों के लिए कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं। कंपनी चयन के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।


18 महीने में पूरा होगा प्रोजेक्ट, ‘जीरो डिस्चार्ज’ लक्ष्य

परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट नेशनल एनवायरनमेंटल रिसर्च इंस्टीट्यूट (NEERI) द्वारा तैयार की गई है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण शुरू होने के बाद 18 महीने के भीतर इन प्लांट्स को तैयार कर लिया जाएगा। वर्तमान में नोएडा में 8 बड़े STP पहले से संचालित हैं, जिनकी कुल क्षमता 210 एमएलडी है। नए प्लांट्स लगने के बाद नालों में जाने वाले गंदे पानी को पहले ही साफ कर लिया जाएगा, जिससे शहर को “जीरो डिस्चार्ज” बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *