नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन पर सियासत तेज, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- सौ, दो सौ रुपये बढ़ाकर सरकार ने मजदूरों को ठगा
- Shiv Kumar
- 14 Apr, 2026
नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन को लेकर सियासत गरमा गई है। अजय राय ने इस मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसन इंडस्ट्री में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मजदूरों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। इस दौरान कई मजदूरों के घायल होने की बात भी सामने आई है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर कार्रवाई का आरोप
अजय राय ने कहा कि तीन दिन से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे मजदूरों के साथ सख्ती की गई। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की मजदूर और युवा विरोधी नीति बताया। उन्होंने कहा कि “भारी-भरकम विज्ञापनों से पेट नहीं भरता और पुलिस की कार्रवाई भूखे मजदूरों का समाधान नहीं है।”
मजदूरी बढ़ोतरी को लेकर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मजदूरों की सैलरी में मामूली बढ़ोतरी कर सरकार और कंपनियां उनका मजाक उड़ा रही हैं। उनका कहना है कि मजदूर न्यूनतम मजदूरी, समय पर वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग कर रहे थे, लेकिन उन्हें बदले में दमन का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए मजदूरों की अनदेखी कर रही है।
कांग्रेस ने मजदूरों के समर्थन का किया दावा
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों के साथ खड़ी है और उनकी सभी जायज मांगों को तुरंत मानने की मांग करती है। उन्होंने घायल मजदूरों के मुफ्त इलाज और जिम्मेदार अधिकारियों व कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की। साथ ही उन्होंने प्रदेश में न्यूनतम 25 हजार रुपए मासिक मजदूरी तय करने की बात कही।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






