नोएडा में दो दिन हंगामे के बाद खुली फैक्ट्रियां, संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस फोर्स तैनात, CCTV-ड्रोन से निगरानी
- Shiv Kumar
- 15 Apr, 2026
नोएडा में दो दिन तक चले हिंसक प्रदर्शन के बाद नोएडा में हालात अब सामान्य हो गए हैं। बुधवार को अधिकांश फैक्ट्रियां खुल गईं और औद्योगिक क्षेत्रों में कामकाज फिर से शुरू हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। औद्योगिक क्षेत्रों में 16 कंपनियों में रैपिड एक्शन फोर्स और पीएसी की तैनाती की गई है। कंपनियों के बाहर वेतन बढ़ोतरी से जुड़े नोटिस भी लगाए गए हैं, ताकि श्रमिकों को नई दरों की जानकारी मिल सके और किसी तरह की गलतफहमी न रहे।
डीएम की सख्ती, एजेंसियों को दी ब्लैकलिस्ट की चेतावनी
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने साफ कहा है कि यदि कोई आउटसोर्सिंग एजेंसी या उसका कर्मचारी उपद्रव करता है तो उसकी जिम्मेदारी एजेंसी की भी होगी। ऐसी स्थिति में एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है और उसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। मंगलवार को अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ हुई बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि सभी ठेकेदार श्रमिकों को अनुशासन में रहने के लिए प्रशिक्षित करें और शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बैंक खातों में समय पर पूरा वेतन भेजना सुनिश्चित किया जाए और सरकार द्वारा तय किए गए नए वेतनमान का सख्ती से पालन हो।
हिंसा के बाद कार्रवाई तेज, सैकड़ों गिरफ्तार
सोमवार और मंगलवार को वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हुए बवाल में 80 से अधिक स्थानों पर पथराव और 350 से ज्यादा कंपनियों में तोड़फोड़ की गई थी। इस मामले में अब तक 4 महिलाओं समेत 396 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मंत्री अनिल राजभर ने इस घटना में बड़ी साजिश की आशंका जताई है और कहा कि कुछ देश विरोधी ताकतें माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही थीं। वहीं कंपनी मालिकों का कहना है कि बाहरी लोगों ने श्रमिकों को भड़काया, क्योंकि असली मजदूर अपनी रोजी-रोटी देने वाली फैक्ट्रियों को नुकसान नहीं पहुंचा सकते।
प्रशासन और यूनियन की अपील, शांति बनाए रखें
प्रशासन और श्रमिक संगठनों ने मिलकर शांति बनाए रखने की अपील की है। यूनियन नेताओं ने साफ किया कि हिंसा से उनका कोई संबंध नहीं है और यह आंदोलन श्रमिकों का था। औद्योगिक संगठनों के अनुसार सेक्टर-1 से 6 तक फैक्ट्रियां खुल चुकी हैं और बाकी भी धीरे-धीरे खुल जाएंगी। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और हालात सामान्य हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






