नोएडा में सड़क पर दौड़ रही गाड़ी में लगी भयानक आग, चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान, कार पूरी तरह जलकर राख

top-news
नोएडा के सेक्टर-98 में चलती कार में अचानक आग लग गई। चालक ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई। दमकल ने 30 मिनट में आग बुझाई, कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

नोएडा के सेक्टर-98 के पास देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को साइड में रोका और बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कुछ ही देर में कार से तेज लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।


बोनट से उठा धुआं, देखते ही देखते भड़की आग

जानकारी के मुताबिक, यह कार एक टैक्सी थी जो कामर्शियल नंबर से रजिस्टर्ड हुंडई एक्सेंट मॉडल की थी। चालक के अनुसार, अचानक बोनट की तरफ से धुआं उठने लगा और कुछ ही सेकंड में आग तेजी से फैल गई। गनीमत रही कि उस समय कार में चालक के अलावा कोई और सवार नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।


दमकल ने आधे घंटे में पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग लगने की वजह शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


कुछ देर बाधित रहा ट्रैफिक, फिर हुआ सामान्य

आग की वजह से कुछ समय के लिए आसपास का यातायात भी रोकना पड़ा, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई दिक्कत न हो। आग बुझने के बाद ट्रैफिक को फिर से सामान्य कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह नष्ट हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *