ग्रेटर नोएडा में ट्रक ने तीन छात्रों को कुचला, एक की मौत और दो घायल, संभल से लौटते समय हादसा
- Shiv Kumar
- 18 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा। बादलपुर थाना क्षेत्र के धूम मानिकपुर में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नवोदय विद्यालय के तीन छात्र तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि छात्र संभल में आयोजित हैंडबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपने अध्यापक के साथ लौट रहे थे।
अंडरपास के पास पैदल जा रहे थे छात्र
जानकारी के अनुसार, छात्र रोडवेज बस से उतरकर अंडरपास के पास से पैदल स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक छात्र को मृत घोषित कर दिया।
13 वर्षीय उमर की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्र की पहचान 13 वर्षीय उमर के रूप में हुई है, जो जेवर का रहने वाला था और कक्षा 8 का छात्र था। हादसे में एक छात्र के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि तीसरे छात्र को हल्की चोटें आई हैं। दोनों घायलों का इलाज जारी है।
ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। हालांकि, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतक छात्र के परिजनों को सूचना दे दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






