PM मोदी आज रात 8.30 बजे देश को करेंगे संबोधित, महिला आरक्षण पर बोल सकते हैं प्रधानमंत्री
- Shiv Kumar
- 18 Apr, 2026
महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पास न हो पाने के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इसकी जानकारी दी गई है, हालांकि संबोधन का विषय स्पष्ट नहीं किया गया है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पीएम मोदी अपने संबोधन में महिला आरक्षण के मुद्दे पर बड़ी बात कर सकते हैं।
कैबिनेट बैठक में विपक्ष पर साधा निशाना
सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर महिला आरक्षण बिल का समर्थन न करने को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के हितों के खिलाफ काम किया है। प्रधानमंत्री ने इस रवैये को बड़ी राजनीतिक गलती बताते हुए संकेत दिया कि आने वाले समय में विपक्ष को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह संदेश देश के हर गांव तक पहुंचना चाहिए कि कौन महिलाओं के पक्ष में है और कौन नहीं।
महिला आरक्षण पर बढ़ा सियासी घमासान
महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका। इस बिल का उद्देश्य संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना था। साथ ही लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और परिसीमन से जुड़े प्रावधान भी इसमें शामिल थे। वोटिंग के दौरान 298 सांसदों ने बिल का समर्थन किया, जबकि 230 सांसदों ने विरोध में वोट डाला। इसके बाद से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
विपक्ष ने बताया लोकतंत्र की जीत
वहीं, विपक्षी दलों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपनी जीत बताया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इसे लोकतंत्र की बड़ी जीत करार दिया और सरकार पर निशाना साधा। दूसरी ओर, बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष महिलाओं को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहता। अब सबकी नजर प्रधानमंत्री के आज रात होने वाले संबोधन पर टिकी है, जिसमें इस पूरे मुद्दे पर सरकार का रुख साफ हो सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






