नोएडा एयरपोर्ट से अगले महीने शुरू होंगी उड़ान, सबसे पहले 17 घरेलू फ्लाइटों को शुरू करने की तैयारी
- Shiv Kumar
- 23 Apr, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अगले महीने उड़ानें शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) की बोर्ड बैठक में मई के अंत तक घरेलू और कार्गो उड़ान सेवा शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया। एयरलाइंस कंपनियों ने शुरुआती चरण में 17 शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। बैठक में एयरपोर्ट संचालन में आ रही अड़चनों और टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अंतिम रूप देने पर भी चर्चा हुई, ताकि लॉन्च से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी की जा सकें।
17 शहरों के लिए शुरुआती उड़ानें, प्लान तैयार
अधिकारियों के मुताबिक, तीन एयरलाइंस कंपनियों के साथ बातचीत के बाद शुरुआती उड़ानों का खाका तैयार किया जा रहा है। हालांकि अभी किन-किन शहरों के लिए उड़ानें शुरू होंगी, इसका अंतिम चयन नहीं हुआ है। टिकट बुकिंग सिस्टम को भी जल्द चालू करने की तैयारी है, ताकि यात्रियों को समय रहते सुविधा मिल सके। एयरपोर्ट को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के बड़े हब के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे नोएडा और आसपास के इलाकों को सीधा फायदा मिलेगा।
सुरक्षा मंजूरी के बाद ही शुरू होंगी सेवाएं
उड़ान शुरू होने से पहले नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी मिलना जरूरी है। अभी इस प्रक्रिया में कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्रालय से जुड़े मुद्दों और अन्य आपत्तियों को जल्द सुलझाने पर काम चल रहा है। उम्मीद है कि इसी महीने सभी मंजूरी मिल जाएगी, जिसके बाद उड़ान सेवा शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर भी तेजी से तैयार
एयरपोर्ट पर आने वाले समय में विस्तार की भी योजना बनाई गई है। अगले दो वर्षों में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से 25 नए विमान स्टैंड बनाए जाएंगे। फिलहाल 28 स्टैंड तैयार हैं, जिनमें 25 व्यावसायिक और 3 कार्गो विमानों के लिए हैं। इसके अलावा 10 एयरोब्रिज लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। रनवे को इस तरह डिजाइन किया गया है कि प्रति घंटे करीब 30 विमान टेकऑफ और लैंडिंग कर सकें, जिससे भविष्य में बढ़ते यातायात को संभालना आसान होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






