नोएडा में 300 TPD क्षमता वाला CBG प्लांट लगाने की तैयारी, कचरे से बनेगा स्वच्छ ईंधन, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के साथ एलओआई साइन
- Shiv Kumar
- 23 Apr, 2026
सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। नोएडा प्राधिकरण ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के साथ 300 टन प्रतिदिन क्षमता वाले कम्प्रेस्ड बायो-गैस प्लांट की स्थापना के लिए लेटर ऑफ इंटेंट साइन किया है। इस प्रोजेक्ट के जरिए शहर के ऑर्गेनिक कचरे को प्रोसेस कर स्वच्छ ईंधन तैयार किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कचरे से बनेगा ईंधन, मिलेगा जैविक खाद का लाभ
प्रस्तावित प्लांट में शहर से निकलने वाले जैविक कचरे को प्रोसेस कर कम्प्रेस्ड बायो-गैस तैयार की जाएगी, जिसका उपयोग वाहनों के ईंधन के रूप में किया जा सकेगा। इसके साथ ही बायो-मैन्योर यानी जैविक खाद भी तैयार होगी, जो खेती के लिए उपयोगी साबित होगी। इस परियोजना का उद्देश्य पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम करना और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प तैयार करना है। अधिकारियों का मानना है कि इससे शहर में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था भी बेहतर होगी।
लैंडफिल कम होगा, प्रदूषण पर लगेगी लगाम
इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से लैंडफिल साइट्स पर दबाव कम होगा और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में भी कमी आएगी। प्राधिकरण के अनुसार यह पहल शहर को सस्टेनेबल और जीरो-वेस्ट मॉडल की ओर ले जाने में मदद करेगी। प्राधिकरण इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन उपलब्ध कराएगा और प्लांट के संचालन के लिए अलग किए गए ऑर्गेनिक कचरे की सप्लाई सुनिश्चित करेगा।
आईजीएल करेगी विकास, बढ़ेगा क्लीन एनर्जी नेटवर्क
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड इस प्रोजेक्ट का विकास खुद या अपने अधिकृत पार्टनर्स के जरिए करेगी। कंपनी के पास सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन और क्लीन एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर का लंबा अनुभव है, जिसका फायदा इस परियोजना में मिलेगा। यह प्रोजेक्ट न सिर्फ नोएडा के कचरा प्रबंधन सिस्टम को मजबूत करेगा, बल्कि देश के नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को हासिल करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






