नोएडा में हाईराइज बिल्डिंग में आग बुझाने के लिए CAF तकनीक का इस्तेमाल, 300 मीटर ऊंचाई तक आसानी से बुझाएगी आग
- Shiv Kumar
- 24 Apr, 2026
नोएडा में तेजी से बढ़ती हाईराइज इमारतों के बीच आग से निपटने की चुनौती को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने बड़ी पहल की है। सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा बिल्डिंग में कम्प्रेश्ड एयर फोम आधारित हाईराइज फायर फाइटिंग व्हीकल का सफल ट्रायल किया गया। इस ट्रायल में 45वीं मंजिल तक मशीन के जरिए पानी और फोम पहुंचाकर आग बुझाने की क्षमता का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह तकनीक हाईराइज बिल्डिंग में लगने वाली आग को तेजी से काबू करने में बेहद कारगर साबित हो सकती है। खास बात यह है कि इस वाहन की मदद से लगभग 300 मीटर ऊंचाई तक आसानी से पानी और फोम पहुंचाया जा सकता है, जिससे ऊंची इमारतों में राहत और बचाव कार्य तेज हो सकेगा।
नई तकनीक से 100 मंजिल तक आग बुझाने की क्षमता
ट्रायल के दौरान पाया गया कि यह मशीन पानी और कंप्रेस्ड एयर को मिलाकर एक खास तरह का फोम तैयार करती है, जो आग पर तेजी से असर करता है। यह फोम आग को फैलने से रोकता है और कम समय में उसे बुझाने में मदद करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तकनीक के जरिए 100 मंजिल तक की इमारतों में भी आग बुझाई जा सकती है। इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि फायर टीम को सीधे आग के करीब जाने की जरूरत कम पड़ती है, जिससे उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है और ऑपरेशन ज्यादा प्रभावी बनता है।
अग्निशमन विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि
इस अत्याधुनिक फायर फाइटिंग व्हीकल को दुनिया की नई तकनीक माना जा रहा है और भारत में अभी इसका उपयोग सीमित है। फिलहाल गुजरात अग्निशमन विभाग ने ऐसे दो वाहन खरीदे हैं। नोएडा में किए गए इस ट्रायल के दौरान डीजी फायर सुजीत पांडे भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में इस तकनीक को बड़े शहरों में अपनाया जाएगा, जिससे हाईराइज इमारतों में लगने वाली आग से निपटने में काफी मदद मिलेगी और लोगों की सुरक्षा और मजबूत होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






