दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन के लिए यूटिलिटी सर्वे शुरू, नोएडा में हाई स्पीड ट्रेन के बनेंगे दो स्टेशन
- Shiv Kumar
- 24 Apr, 2026
दिल्ली से वाराणसी के बीच प्रस्तावित हाईस्पीड ट्रेन परियोजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है। गौतमबुद्ध नगर में इस प्रोजेक्ट के लिए यूटिलिटी सर्वे शुरू कर दिया गया है। इस हाईस्पीड कॉरिडोर में नोएडा क्षेत्र में दो स्टेशन बनाए जाएंगे—एक सेक्टर 125 से 148 के बीच और दूसरा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर में। इस परियोजना के पूरा होने से दिल्ली और पूर्वांचल के बीच यात्रा बेहद तेज और आसान हो जाएगी।
एलाइनमेंट तय करने के लिए चल रहा सर्वे
यूटिलिटी सर्वे के तहत प्रस्तावित ट्रैक के आसपास मौजूद बिजली, गैस, सीवर और पानी की लाइनों का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह है कि निर्माण के दौरान इन सुविधाओं को सुरक्षित तरीके से शिफ्ट किया जा सके और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर काम शुरू हो चुका है और एलाइनमेंट तय करने से पहले सभी जरूरी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
कई जिलों में तैयार होगी रिपोर्ट
इस परियोजना का दायरा सिर्फ गौतमबुद्ध नगर तक सीमित नहीं है, बल्कि बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस और आगरा जैसे जिलों को भी कवर करेगा। सर्वे टीम इन सभी क्षेत्रों में मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी जुटाकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी, जिससे निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।
एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से मिलेगा बड़ा फायदा
इस हाईस्पीड ट्रेन की सबसे खास बात इसकी एयरपोर्ट कनेक्टिविटी है। सराय काले खां से लेकर नोएडा एयरपोर्ट तक का लगभग 70 किलोमीटर का सफर महज 21 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। प्रस्तावित ट्रैक नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के सेंटर वर्ज पर एलिवेटेड बनाया जाएगा और आगे यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते एयरपोर्ट तक पहुंचेगा। इससे यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और आधुनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






