नोएडा में जापानी पार्क का निर्माण 70 फीसदी हुआ कंप्लीट, पौने 9 करोड़ रुपए किए जा रहे खर्च, शांति और अध्यात्म का प्रतीक होगा पार्क

top-news
नोएडा में 8.76 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा जापानी थीम पार्क 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अगले छह महीने में इसके तैयार होने की उम्मीद है।

नोएडा में जापानी संस्कृति और प्रकृति की खूबसूरती को करीब से महसूस कराने वाला जापानी थीम पार्क तेजी से आकार ले रहा है। प्राधिकरण की ओर से तैयार किए जा रहे इस पार्क का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। लगभग 9 एकड़ क्षेत्र में बन रहे इस विशेष पार्क पर करीब 8.76 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि अगले छह महीने में इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद यह शहरवासियों और पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा। यह पार्क सिर्फ घूमने-फिरने की जगह नहीं होगा, बल्कि इसमें जापानी संस्कृति, शांति, प्रकृति प्रेम और आध्यात्मिकता की झलक भी देखने को मिलेगी। इसी वजह से इसे शहर के सबसे अलग और खास पार्कों में शामिल माना जा रहा है।


जापानी संस्कृति और प्रकृति का अनोखा संगम

पार्क में जापानी थीम को ध्यान में रखते हुए कई खास संरचनाएं तैयार की जा रही हैं। यहां जापानी शैली के झूले, ड्रैगन के आकार का झूला, आकर्षक सेल्फी पॉइंट, लंबा वॉकिंग ट्रैक, कृत्रिम झरने, छोटी नदियां, द्वीप और खूबसूरत पुल बनाए जा रहे हैं। बच्चों और युवाओं को ध्यान में रखते हुए इसे काफी आकर्षक डिजाइन दिया गया है। इसके साथ ही पार्क में मियावाकी तकनीक से पेड़-पौधे लगाए जा रहे हैं। इस तकनीक की खासियत यह है कि पौधे बहुत तेजी से बढ़ते हैं और सिर्फ 2 से 3 साल में घने जंगल जैसा रूप ले लेते हैं। इससे पार्क का हरियाली वाला हिस्सा बेहद खूबसूरत और प्राकृतिक दिखाई देगा।


परिवारों और बच्चों के लिए खास सुविधाएं

पार्क में वाटर बॉडी, ब्रिज, एम्फीथियेटर, फूड कोर्ट, पाथवे, पार्किंग, प्रशासनिक ब्लॉक और शौचालय जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा जापानी गजबो हट, जेन गार्डन, जापानी थीम पर आधारित एंट्री प्लाजा और बच्चों के लिए अलग प्ले जोन भी बनाया जा रहा है। नोएडा में पहले से ही कई थीम पार्क मौजूद हैं, जिनमें सेक्टर-94 का वेस्ट टू वंडर पार्क, सेक्टर-78 का वेदवन, सेक्टर-91 का औषधि पार्क और सेक्टर-137 का बायोडायवर्सिटी पार्क शामिल हैं। अब जापानी पार्क इस सूची में एक और खास नाम जोड़ने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *