नोएडा में चलेंगी 50 सिटी बसें, चार रूट किए गए फाइनल, 2 लाख लोगों को होगा फायदा, हर 15 मिनट में मिलेगी बस
- Shiv Kumar
- 25 Apr, 2026
नोएडा वासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर में जल्द ही फीडर बस सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे रोजाना लाखों लोगों का सफर आसान हो जाएगा। इस योजना के तहत करीब 50 बसें चलाई जाएंगी, जिनमें से 45 बसें नियमित रूप से सड़कों पर दौड़ेंगी और 5 बसें स्टैंडबाय रहेंगी। अधिकारियों के मुताबिक, मई महीने से इस सेवा की शुरुआत कर दी जाएगी। खास बात यह है कि बसें हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस योजना से करीब 2 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है, खासकर उन लोगों को जो रोजाना मेट्रो और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच सफर करते हैं।
लास्ट माइल कनेक्टिविटी होगी मजबूत, सभी बसें होंगी इलेक्ट्रिक
यह फीडर बस सेवा लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए शुरू की जा रही है। यानी मेट्रो स्टेशन से अंतिम गंतव्य तक पहुंचना अब आसान होगा। पहले चरण में 9 और 12 मीटर लंबी करीब 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इनका संचालन उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम करेगा। बसों के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी तेजी से तैयार किया जा रहा है, जिसमें बस डिपो, चार्जिंग स्टेशन, सर्विस सेंटर, ड्राइवर और कंडक्टर के लिए आराम की व्यवस्था और ऑफिस स्पेस शामिल हैं। सेक्टर-90 में मुख्य डिपो बनाया जा रहा है, जहां 20 चार्जिंग स्टेशन होंगे। इसके अलावा बॉटेनिकल गार्डन और मोरना डिपो में भी चार्जिंग की सुविधा दी जा रही है।
चार प्रमुख रूट तय, ट्रैफिक जाम में भी मिलेगी राहत
फीडर बसों के लिए चार प्रमुख रूट तय कर लिए गए हैं। इनमें बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक, जेवर एयरपोर्ट, सेक्टर-62 और फेस-2 औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक के रूट शामिल हैं। इन रूट्स के शुरू होने से शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच सीधा और आसान कनेक्शन मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे छोटे वाहनों पर निर्भरता कम होगी और ट्रैफिक जाम में भी राहत मिलेगी। टिकट दरें परिवहन निगम तय करेगा, जबकि संचालन में होने वाले घाटे की भरपाई नोएडा प्राधिकरण करेगा।
आवागमन होगा आसान, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा पहले से ज्यादा सुगम हो जाएगी। खासकर बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से औद्योगिक क्षेत्रों और एयरपोर्ट तक जाने वाले लोगों को सीधी सुविधा मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि यह पहल शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगी और लोगों को सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प देगी। आने वाले समय में इस सेवा का दायरा और बढ़ाने की भी योजना बनाई जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






