नोएडा में कंपनी के डायरेक्टर ने किया सुसाइड, 22वीं मंजिल से लगाई छलांग, मौके पर मौत, तनाव के चलते दी जान

top-news
नोएडा के सेक्टर-107 में कंपनी निदेशक की 22वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-107 की एक सोसाइटी में रहने वाले कंपनी के निदेशक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रविवार को उन्होंने अपने फ्लैट की 22वीं मंजिल की बालकनी से छलांग लगा दी। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और जांच जारी है।


अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सज्जल मेहरोत्रा के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में निदेशक पद पर कार्यरत थे। घटना के तुरंत बाद परिवार के लोग और सिक्योरिटी गार्ड उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं और अधिक रक्तस्राव हुआ था।


कारण स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मृतक की शादी करीब दस साल पहले हुई थी और उनकी पत्नी एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए सोसाइटी में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मृतक के मोबाइल फोन को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है, जिससे घटना से जुड़ी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।


तनाव में होने की आशंका

सोसाइटी के कुछ लोगों का कहना है कि सज्जल पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर तनाव में थे। हालांकि पुलिस ने इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *