नोएडा पुलिस ने 4 हजार लीटर देशी शराब कराई नष्ट, आबकारी निरीक्षक की मौजूदगी में लिया गया एक्शन
- Shiv Kumar
- 27 Apr, 2026
नोएडा के सेक्टर-142 थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की मौजूदगी में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश के तहत की गई, जिसमें वर्षों से जब्त शराब को समाप्त किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कदम अवैध शराब के नेटवर्क पर लगाम लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
64 मामलों की जब्त शराब को किया नष्ट
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई वर्ष 2022 से 2024 के बीच आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज कुल 64 मामलों से संबंधित थी। इन मामलों में जब्त की गई करीब 3371 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 323 लीटर अवैध बीयर और 406 लीटर अवैध देशी शराब को नष्ट किया गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से शराब की बोतलों को तोड़कर गड्ढा खुदवाया और उन्हें मिट्टी में दबाकर पूरी तरह खत्म कर दिया। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की गई।
अभियान के तहत लगातार हो रही कार्रवाई
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चल रहे माल निरस्तीकरण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ सख्ती लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य न सिर्फ जब्त सामग्री का सुरक्षित निस्तारण करना है, बल्कि अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण भी सुनिश्चित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






