नोएडा चिल्ला एलिवेटेड का 45 % काम पूरा, दिसंबर 2027 तक पूरा हो सकता है चिल्ला एलिवेटेड, 2 लाख लोगों को होगा फायदा

top-news
चिल्ला एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट का 47% काम पूरा, बनने के बाद नोएडा-दिल्ली के बीच जाम से राहत और एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

नोएडा और दिल्ली के बीच ट्रैफिक की सबसे बड़ी समस्या को दूर करने वाला चिल्ला एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहा है। ताजा प्रगति रिपोर्ट के अनुसार इस प्रोजेक्ट का करीब 47 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस रिपोर्ट को आज लखनऊ में वरिष्ठ अधिकारियों के सामने पेश किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, एलिवेटेड रोड के सभी पिलर तैयार कर लिए गए हैं, जो निर्माण कार्य में एक अहम चरण माना जाता है। इस परियोजना के पूरा होने से रोजाना लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर उन लोगों को जो नोएडा-Delhi रूट पर रोजाना जाम से जूझते हैं।


एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी की तैयारी

इस प्रोजेक्ट के तहत महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबा एक और एलिवेटेड जोड़ा जाएगा। इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट आईआईटी रुड़की द्वारा तैयार की जा रही है, जिसकी लागत करीब 150 करोड़ रुपये आंकी गई है। चिल्ला एलिवेटेड के पूरा होने के बाद दिल्ली से सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा। अनुमान है कि इस एलिवेटेड रोड से रोजाना करीब 2 लाख वाहन चालकों को फायदा मिलेगा और नोएडा प्रवेश द्वार से महामाया फ्लाईओवर तक लगने वाला जाम काफी हद तक खत्म हो जाएगा।


2027 तक पूरा करने का लक्ष्य, खर्च 892 करोड़

करीब 5.5 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड प्रोजेक्ट को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, हालांकि प्राधिकरण इसे तय समय से 3 से 4 महीने पहले ही पूरा करने की योजना पर काम कर रहा है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 892 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। चिल्ला एलिवेटेड और सेक्टर-94 तक बनने वाला नया हिस्सा मिलकर एक बड़ा कॉरिडोर बनाएंगे, जिसे आगे यमुना पुश्ता मार्ग से भी जोड़ा जाएगा। इससे एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोग सीधे यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *