नोएडा में इंडस्ट्री सेक्टर के लिए नई पुलिसिंग सिस्टम, डीसीपी इंडस्ट्रीज का पद सृजित, सुरक्षा के लिहाज से लिया गया निर्णय

top-news
नोएडा में श्रमिक हिंसा के बाद इंडस्ट्री सेक्टर के लिए डीसीपी इंडस्ट्रीज पद बनाया गया, कंपनियों और श्रमिकों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान।

नोएडा में हाल ही में हुई श्रमिक हिंसा के बाद पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। इंडस्ट्री सेक्टर की सुरक्षा और बेहतर समन्वय के लिए अब एक अलग पुलिस सिस्टम तैयार किया गया है। इसके तहत डीसीपी इंडस्ट्रीज का नया पद बनाया गया है, जो जिले की औद्योगिक इकाइयों, कंपनियों और श्रमिकों से जुड़े मामलों पर विशेष निगरानी रखेगा। जिले में करीब 15 हजार रजिस्टर्ड औद्योगिक इकाइयां और दो लाख से अधिक कंपनियां हैं, जहां लगभग चार लाख श्रमिक काम करते हैं। ऐसे में यह फैसला कानून-व्यवस्था और इंडस्ट्री मैनेजमेंट दोनों के लिए अहम माना जा रहा है।


श्रमिकों और कंपनियों से सीधा संवाद करेगा नया सेल

नई व्यवस्था के तहत पुलिस उपायुक्त इंडस्ट्रीज विभिन्न लघु, मध्यम और बड़ी कंपनियों के साथ लगातार संवाद स्थापित करेंगे। साथ ही श्रमिक संगठनों और कर्मचारियों से सीधे जुड़कर उनकी शिकायतों का त्वरित निपटारा किया जाएगा। इस सेल का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और सरकार द्वारा लागू सभी कानूनों का पालन सुनिश्चित कराना है। अब इंडस्ट्री से जुड़ी समस्याओं की जानकारी संबंधित जोन की पुलिस को तुरंत मिल सकेगी, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो पाएगी।


ACP समेत 25 कर्मियों की टीम, जल्द स्थायी होगा सिस्टम

इस इंडस्ट्री सेल के तहत एक सहायक पुलिस आयुक्त, तीन निरीक्षक और करीब 25 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। डीसीपी इंडस्ट्रीज के लिए एक सीयूजी नंबर (8595902508) भी जारी किया गया है, जिससे उद्योगों और श्रमिकों को सीधे संपर्क की सुविधा मिलेगी। इस प्रस्ताव को स्थायी रूप देने के लिए तीन दिन के भीतर पुलिस महानिदेशक और गृह विभाग को भेजा जाएगा। साथ ही, एक विस्तृत एसओपी तैयार कर इसे तुरंत लागू किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि इस नई व्यवस्था से औद्योगिक क्षेत्र में विवाद कम होंगे और शिकायतों का समाधान तेजी से हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *