नोएडा के पैरामाउंट सोसायटी में दिनदहाड़े चोरी, नेवी कैप्टन के घर से 600 ग्राम सोना और नकदी लेकर फरार

top-news
ग्रेटर नोएडा की पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में दिनदहाड़े चोरी हुई। नेवी कैप्टन के घर से 600 ग्राम सोना और 6 लाख नकद चोरी हो गए। सीसीटीवी में संदिग्ध दिखे, पुलिस जांच में जुटी है।

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर एक नेवी कैप्टन के विला से करीब 600 ग्राम सोना और छह लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब घर में ताला लगा हुआ था और परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। विला नंबर सी-98 में रहने वाले कैप्टन इस समय ड्यूटी पर हैं, जबकि उनकी पत्नी अनामिका अपने बेटे के साथ घर पर रहती हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।


डॉक्टर के पास गई थीं पत्नी, लौटने पर खुला मिला घर

जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को सुबह करीब 11:30 बजे अनामिका अपने 10 वर्षीय बेटे को लेकर डॉक्टर के पास गई थीं। बेटे की तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने घर में ताला लगाकर बाहर जाना पड़ा। जब वह दोपहर करीब 2 बजे वापस लौटीं तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे और अलमारियां खुली पड़ी थीं। अलमारी में रखे करीब छह लाख रुपये नकद और लगभग 600 ग्राम सोने के गहने गायब थे। इस घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।


सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध, सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हेलमेट पहने दो संदिग्ध बाइक सवार गेट नंबर तीन से सोसायटी में प्रवेश करते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों ने बिना किसी जांच के उन्हें अंदर जाने दिया। करीब 45 मिनट बाद वही दोनों गेट नंबर एक से बाहर निकलते नजर आए। इस घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मेंटेनेंस और सुरक्षा के नाम पर हर महीने मोटी रकम वसूली जाती है, फिर भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं।


पुलिस जांच में जुटी, जल्द खुलासे की उम्मीद

पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *