एक्वा मेट्रो विस्तार को मिली रफ्तार, NMRC ने रखा दो लाख तक राइडरशिप बढ़ाने का लक्ष्य, जल्द शुरू होंगे नए रूट के काम
- Shiv Kumar
- 28 Apr, 2026
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने एक्वा मेट्रो की राइडरशिप बढ़ाकर दो लाख तक पहुंचाने के लिए बड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसके तहत अगले महीने दो अहम परियोजनाओं—ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन (2.6 किमी) और सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन (11.56 किमी) तक लिंक लाइन—पर काम शुरू होने की संभावना है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। प्रबंध निदेशक ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दे दी है, जिससे निर्माण कार्य जल्द जमीन पर उतर सकेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
तीनों रूट पर तेजी से बढ़ेगा काम
एनएमआरसी ने सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (चार मूर्ति गोलचक्कर) तक प्रस्तावित 7.5 किमी मेट्रो विस्तार के लिए भी तैयारी तेज कर दी है। इस रूट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी जा चुकी है और जल्द ही प्रस्तुतीकरण कराया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी परियोजनाओं पर समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ काम शुरू कराया जाए। इसके लिए जरूरी प्रशासनिक औपचारिकताएं और तकनीकी तैयारियां, जैसे टोपोग्राफी और मिट्टी परीक्षण, भी प्रक्रिया में हैं।
दो रूट को मिल चुकी मंजूरी, तीसरे पर फैसला जल्द
बताया गया है कि एक्वा मेट्रो के दो रूट को आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है, जबकि तीसरे रूट पर जल्द फैसला आने की उम्मीद है। पहले यह परियोजना नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक बढ़ाया जाएगा। यहां इसे आरआरटीएस से जोड़ा जाएगा, जिससे दिल्ली, नोएडा और एयरपोर्ट के बीच सफर और आसान हो जाएगा।
नए स्टेशन से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक बनने वाली 2.6 किमी लाइन पर जूनापत और बोड़ाकी स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन रूट पर सेक्टर-44, सेक्टर-96, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108 और सेक्टर-93 समेत कई नए स्टेशन प्रस्तावित हैं। इन स्टेशनों के बनने से शहर के प्रमुख इलाकों को सीधा मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






