नोएडा मे मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, फायर विभाग की टीम ने उतारा नीचे, मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही लड़की
- Shiv Kumar
- 30 Apr, 2026
नोएडा के सेक्टर-63 इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह करीब 5 बजे हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। राहगीरों ने सबसे पहले युवती को टावर पर देखा और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में युवती को कोई चोट नहीं आई और समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया।
लगातार समझाने के बाद मानी युवती
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर टीम ने सबसे पहले युवती को शांत करने और नीचे आने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक बातचीत का सिलसिला चलता रहा। बताया गया कि युवती ने कुछ समय के लिए मीडिया को बुलाने की मांग भी की थी। हालांकि पुलिस अधिकारियों और मौके पर मौजूद टीम ने धैर्य से काम लिया और लगातार समझाते रहे। आखिरकार करीब डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद युवती नीचे आने के लिए तैयार हो गई।
हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से किया गया रेस्क्यू
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फायर विभाग ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। टीम के कुछ सदस्य प्लेटफॉर्म के जरिए ऊपर पहुंचे और युवती को सुरक्षित पकड़कर नीचे ले आए। यह पूरा ऑपरेशन काफी सावधानी के साथ किया गया, ताकि किसी तरह का खतरा न हो। मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली, जब युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
मानसिक तनाव और बेरोजगारी बताई वजह
पुलिस के मुताबिक युवती की पहचान मंजू (19) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह मानसिक रूप से परेशान थी और घरेलू क्लेश के साथ-साथ नौकरी न मिलने की वजह से तनाव में थी। फिलहाल उसे जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां डॉक्टर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और परिवार से भी बात की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






