नोएडा में चलती कार में अचानक लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, शॉट सर्किट से हुआ हादसा
- Shiv Kumar
- 30 Apr, 2026
नोएडा के सेक्टर-40 के पास बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार के बोनट से धुआं उठने लगा, जिसे देखकर चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी और कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से सड़क के एक हिस्से पर यातायात को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बोनट से उठी चिंगारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया गया कि सबसे पहले बोनट के पास से धुआं उठता दिखा, जो देखते ही देखते आग में बदल गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित कर लिया। अगर थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर मौजूद लोगों ने भी तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिससे समय रहते राहत कार्य शुरू हो सका।
दमकल की टीम ने पाया काबू, यातायात रहा प्रभावित
दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 20 मिनट की कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद जली हुई कार को सड़क किनारे कर दिया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। हालांकि इस दौरान कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालकर स्थिति को नियंत्रित किया।
गर्मी में बढ़ रही आग की घटनाएं, सतर्कता जरूरी
गौर करने वाली बात यह है कि भीषण गर्मी के चलते ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वाहन चलाने से पहले उसकी नियमित जांच और मेंटेनेंस बेहद जरूरी है। खासकर इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच कराना जरूरी है, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






