सोरखा में सीवर की समस्या को लेकर भड़के किसान, दी आंदोलन की चेतावनी, जलभराव और गंदगी से ग्रामीण परेशान

top-news
नोएडा के सोरखा गांव में सीवर और जलभराव की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के किसान भड़क उठे। उन्होंने जल्द समाधान की मांग की और समाधान न होने पर एक विशाल आंदोलन की चेतावनी दी है।

नोएडा के सेक्टर-115 स्थित ग्राम सोरखा में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि गांव में सीवर व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश में ही जलभराव हो जाता है, जिससे मुख्य रास्तों पर गंदा पानी भर जाता है और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गंदगी और नालियों के ओवरफ्लो होने से बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।


अधिकारी चौपाल पर भी उठे सवाल

भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के प्रदेश अध्यक्ष परविंदर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण द्वारा आयोजित “अधिकारी चौपाल” केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। उनका कहना है कि अधिकारी गांव के अंदर जाकर समस्याओं का जायजा लेने के बजाय बाहरी क्षेत्रों का निरीक्षण कर लौट जाते हैं। कई बार जल विभाग के अधिकारी भी चौपाल में मौजूद नहीं रहते, जिससे सीवर और जल निकासी जैसी गंभीर समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।


समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

यूनियन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सीवर लाइन डालने, जल निकासी व्यवस्था सुधारने और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। परविंदर सिंह यादव ने कहा कि गांव में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रहे हैं और बजट का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है। यूनियन ने जिम्मेदार ठेकेदारों की नियुक्ति और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि अगर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *