श्रमिक दिवस पर नोएडा में मेगा हेल्थ कैंप, बनाए गए तीन कॉलसेंटर, सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

top-news
श्रमिक दिवस पर नोएडा में 201 स्थानों पर मेगा हेल्थ कैंप लगाया जाएगा, जहां श्रमिकों को मुफ्त इलाज और स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी। सरकारी अस्पतालों के साथ 67 निजी अस्पताल भी इस अभियान में शामिल हुए हैं। श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए नए कॉल सेंटर और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर नोएडा में श्रमिकों के लिए बड़े स्तर पर मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसमें श्रमिकों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशासन की ओर से यह कैंप सरकारी और निजी अस्पतालों सहित कुल 201 स्थानों पर लगाया जाएगा। इसमें नोएडा के 137 सरकारी अस्पताल, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और 67 निजी अस्पताल शामिल हैं। स्वास्थ्य जांच, सामान्य इलाज और जरूरी परामर्श जैसी सुविधाएं श्रमिकों को मुफ्त दी जाएंगी। प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। बड़ी संख्या में श्रमिकों के कैंप में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।


67 निजी अस्पताल भी बने अभियान का हिस्सा

इस मेगा हेल्थ कैंप में कई बड़े निजी अस्पताल भी शामिल हुए हैं। इनमें यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मैक्स हॉस्पिटल, मेदांता हॉस्पिटल, फोर्टिस हॉस्पिटल, फेलिक्स हॉस्पिटल और शारदा हॉस्पिटल समेत कुल 67 निजी अस्पताल भाग ले रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि निजी अस्पतालों की यह भागीदारी सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का अच्छा उदाहरण है। कैंप के दौरान श्रमिकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य जरूरी टेस्ट किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श की सुविधा भी दी जाएगी। प्रशासन को उम्मीद है कि इस अभियान से हजारों श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें समय पर स्वास्थ्य संबंधी मदद मिल सकेगी।


शिकायतों के लिए बनाए गए नए कॉल सेंटर

श्रमिकों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने कॉल सेंटर व्यवस्था भी मजबूत की है। सहायक श्रम आयुक्त सुयश पांडे ने बताया कि सेक्टर-3 स्थित कार्यालय में पहले से संचालित कॉल सेंटर के अलावा तीन नए कॉल सेंटर शुरू किए गए हैं। श्रमिक अपनी शिकायतें और समस्याएं हेल्पलाइन नंबर 0120-4126892, 8796321216, 8796311216 और 8796355216 पर दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा complaint.dicnoida@gmail.com ईमेल के जरिए भी शिकायत भेजी जा सकती है। कॉल सेंटर सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक सक्रिय रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि सभी शिकायतों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि श्रमिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *