नोएडा में फॉर्म हाउस दिलाने के नाम पर 78 लाख की ठगी, बैनामा नहीं कराया, पुलिस कर रही मामले की जांच
- Shiv Kumar
- 01 May, 2026
नोएडा के डूब क्षेत्र में फॉर्म हाउस दिलाने के नाम पर 78 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। गाजियाबाद के कारोबारी ने नोएडा निवासी समेत दो लोगों पर पैसे हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर फेज-2 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कारोबारी ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर निवेश के उद्देश्य से फॉर्म हाउस खरीदने की योजना बनाई थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात सेक्टर-93 स्थित ग्रांड ओमेक्स सोसायटी निवासी राजेश सिंह और प्रतापगढ़ के सूरजकुंड निवासी सर्वेश जैसवाल से हुई। दोनों ने मिलकर यमुना डूब क्षेत्र में स्थित एक फॉर्म हाउस दिखाया और सौदा तय कराया। अब पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने न तो बैनामा कराया और न ही पैसे लौटाए।
1.37 करोड़ में तय हुआ था सौदा, दो साल तक टालते रहे आरोपी
गाजियाबाद के कविनगर निवासी गजेन जैन ने बताया कि उन्होंने अपने मौसेरे भाई संकल्प जैन के साथ मिलकर वर्ष 2022 में फॉर्म हाउस खरीदने की योजना बनाई थी। प्रॉपर्टी डीलर कपिल त्यागी के जरिए वर्ष 2023 में 3445 वर्ग गज जमीन पर बने फॉर्म हाउस का सौदा 1.37 करोड़ रुपये में तय हुआ। शुरुआत में 10 लाख रुपये बयाने के रूप में दिए गए थे। इसके बाद राजेश और सर्वेश ने कुल 78 लाख रुपये ले लिए। समझौते के अनुसार तीन महीने के भीतर बैनामा होना था, लेकिन तय समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं कराई गई। पीड़ित का कहना है कि जब भी उन्होंने आरोपियों से बात की, वे लगातार बहाने बनाकर टालते रहे। करीब दो साल तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा और बैनामा नहीं कराया गया।
धमकी देने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित गजेन जैन का आरोप है कि वर्ष 2025 में उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी राजेश सिंह इसी तरह कई अन्य लोगों से भी रकम वसूल चुका है। साथ ही एग्रीमेंट सेल भी कथित रूप से गलत तरीके से किया गया। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो फरवरी 2026 में आरोपी ने उन्हें अपने फ्लैट पर बुलाया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामले में एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर राजेश सिंह और सर्वेश जैसवाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






