नोए़डा में सपा का सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन, गरीबों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
- Shiv Kumar
- 01 May, 2026
नोएडा में आम जनता, मजदूरों और गरीब वर्ग की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर इकाई ने शुक्रवार को सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन को नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि अगर शहर की लगभग एक-तिहाई आबादी, जिसमें मजदूर और गरीब वर्ग शामिल है, की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो लोग नोएडा छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में लगातार महंगाई बढ़ रही है, लेकिन आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक सही तरीके से नहीं मिल पा रही हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता शामिल रहे और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की गई।
फीस, इलाज और गैस सिलेंडर को लेकर उठाए सवाल
प्रदेश सचिव सुनील चौधरी ने कहा कि नोएडा में रहने वाले हजारों मजदूर बेहद मुश्किल हालात में परिवार चला रहे हैं, लेकिन सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच रहा। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहे हैं और ड्रेस व किताबों के नाम पर अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। वहीं सरकारी अस्पतालों में अनुभवी डॉक्टरों और आधुनिक सुविधाओं की कमी के कारण गंभीर मरीजों को दिल्ली रेफर किया जाता है। प्रदर्शन के दौरान 5 किलो वाले गैस सिलेंडर की रिफिलिंग में धांधली का मुद्दा भी उठाया गया। नेताओं का कहना था कि मजदूर वर्ग को छोटे सिलेंडर के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। साथ ही निजी अस्पतालों पर टेस्ट और मेडिक्लेम के नाम पर लोगों को ठगने का आरोप लगाया गया। सपा ने मांग की कि सभी निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से स्वीकार किए जाएं और गरीबों को मुफ्त इलाज मिले।
फायर ब्रिगेड और मूलभूत सुविधाओं की भी उठी मांग
ज्ञापन में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय की खराब व्यवस्था का मुद्दा भी शामिल रहा। सपा नेताओं ने कहा कि करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाले इस कार्यालय में पीने के पानी, पंखों और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने इसे हाईटेक बनाने और लोगों का समय बचाने की मांग की। बढ़ती गर्मी और आग की घटनाओं को देखते हुए हर दो किलोमीटर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा तंग गलियों के लिए विशेष अग्निशमन व्यवस्था लागू करने की बात कही गई। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नोएडा प्राधिकरण ने निजी स्कूलों और अस्पतालों को बेहद कम कीमत पर जमीन दी थी, लेकिन वे गरीबों को सस्ती शिक्षा और इलाज नहीं दे रहे। इसे आवंटन शर्तों का उल्लंघन बताते हुए ऐसे संस्थानों पर कार्रवाई की मांग की गई।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






