नोएडा सेक्टर-8 में गत्ते की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फैक्ट्री में आग से मचा हड़कंप, सूचना मिलते ही पहुंचीं दमकल विभाग
- Shiv Kumar
- 02 May, 2026
नोएडा के सेक्टर-8 स्थित एक गत्ता फैक्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री से धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग लगने की यह घटना थाना फेस-वन क्षेत्र के एफ-128 सेक्टर-8 स्थित फैक्ट्री की बताई जा रही है। शुरुआती समय में आग की लपटें काफी तेज थीं, जिसके चलते आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय फैक्ट्री में कोई फंसा नहीं था और किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
आग बुझाने में लगानी पड़ी 10 दमकल गाड़ियां
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही सबसे पहले चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। लेकिन आग की स्थिति गंभीर होने के कारण बाद में छह और गाड़ियों को बुलाना पड़ा। कुल 10 दमकल गाड़ियों ने करीब दो घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया। आग की वजह से फैक्ट्री के अंदर रखा गत्ता और अन्य सामान तेजी से जलने लगा था, जिससे आग पर काबू पाने में मुश्किलें आईं। दमकल विभाग की टीम ने आसपास की फैक्ट्रियों तक आग फैलने से रोकने के लिए भी लगातार प्रयास किए। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए थे।
फैक्ट्री में मचा हड़कंप, लोग बाहर निकले
आग लगते ही फैक्ट्री के अंदर और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया। कुछ ही देर में पूरा इलाका धुएं से भर गया था। लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। स्थानीय लोगों के मुताबिक आग बहुत तेजी से फैली थी, जिसकी वजह से कुछ देर के लिए हालात काफी डरावने हो गए थे। हालांकि दमकल टीम की तेजी से कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा आग की वजह
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग की घटना के बाद आसपास की फैक्ट्रियों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। दमकल विभाग ने उद्योग इकाइयों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और अग्निशमन उपकरणों को दुरुस्त रखने की सलाह दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






