अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अकासा एयर की उड़ानें होंगी शुरु, जानिए किन शहरों के बीच होंगी सीधी उड़ाने

top-news
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अकासा एयर 16 जून 2026 से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रोजाना सीधी उड़ानें शुरू करेगी। टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। इससे एनसीआर के यात्रियों को बड़ी राहत और बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। अकासा एयर ने 16 जून 2026 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी उड़ान सेवाएं शुरू करने की घोषणा कर दी है। एयरलाइन की ओर से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रोजाना सीधी उड़ानें संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही अकासा एयर नोएडा एयरपोर्ट से संचालन शुरू करने वाली शुरुआती एयरलाइनों में शामिल हो गई है। इस फैसले के बाद दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर ग्रेटर नोएडा, नोएडा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को अब दूसरे एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। एयरलाइन ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अन्य ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद क्षेत्र में एयर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।


रोजाना चलेंगी नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स

अकासा एयर की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार सभी उड़ानें प्रतिदिन संचालित होंगी और पूरी तरह नॉन-स्टॉप रहेंगी। बेंगलुरु से उड़ान QP 1575 शाम 4:25 बजे रवाना होगी और शाम 7:15 बजे नोएडा पहुंचेगी। वहीं नोएडा से QP 1576 शाम 7:55 बजे उड़ान भरेगी और रात 11:00 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। इसके अलावा नवी मुंबई से QP 2017 सुबह 7:25 बजे रवाना होकर सुबह 9:35 बजे नोएडा पहुंचेगी। नोएडा से QP 2018 सुबह 10:15 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 12:30 बजे नवी मुंबई पहुंचेगी। एयरलाइन का कहना है कि इन नई सेवाओं से व्यापारिक, कॉर्पोरेट और सामान्य यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा। खासतौर पर आईटी सेक्टर और बिजनेस ट्रैवल करने वाले लोगों के लिए यह कनेक्टिविटी बेहद अहम मानी जा रही है।


नोएडा एयरपोर्ट को मिलेगा बड़ा फायदा

अकासा एयर के सह-संस्थापक और चीफ कमर्शियल ऑफिसर आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि भारत का एविएशन सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है और ऐसे समय में आधुनिक एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भविष्य में एनसीआर की एयर कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। एयरपोर्ट को मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यहां से कई और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू हो सकती हैं। अकासा एयर की एंट्री को नोएडा एयरपोर्ट के लिए बड़ी शुरुआत माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *