नोएडा में सड़क मार्ग से एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए 15 ई बसों का होगा संचालन, चार रुटों को किया गया फाइनल
- Shiv Kumar
- 12 May, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून 2026 से उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इंडिगो और अकासा एयरलाइन ने अपने फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिए हैं। एयरपोर्ट तक यात्रियों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 15 एसी ई-बसों के संचालन की भी तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए चार प्रमुख रूट फाइनल किए गए हैं, जिनसे होकर सभी बसें एयरपोर्ट तक जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि इन बस सेवाओं से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, ग्रेटर नोएडा ईस्ट और आसपास के इलाकों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। एयरपोर्ट कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ शहर के अंदर आवागमन भी आसान होगा। प्राधिकरण एक महीने तक इन बसों का परीक्षण करेगा और जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। एयरपोर्ट शुरू होने के साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था को भी नए सिरे से व्यवस्थित किया जा रहा है।
फ्लाइट टाइमिंग के हिसाब से चलेगी बस सेवा
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक ई-बसों का संचालन फ्लाइट शेड्यूल के अनुसार किया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। जिस समय उड़ानों का आगमन और प्रस्थान होगा, उसी हिसाब से बसों के फेरे तय किए जाएंगे। व्यस्त समय में अतिरिक्त बसें भी चलाई जा सकती हैं। सभी बसें वातानुकूलित होंगी और उनका संचालन उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग करेगा। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा में पहले से बने बस शेल्टरों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू हो गई है। अधिकारियों का मानना है कि सार्वजनिक परिवहन बेहतर होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और एयरपोर्ट तक पहुंचने में समय की भी बचत होगी। एयरपोर्ट संचालन शुरू होने के बाद इन रूटों पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
इन चार रूटों पर दौड़ेंगी ई-बसें
पहला रूट ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौक से शुरू होकर सूरजपुर टी-प्वाइंट और परी चौक होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक जाएगा। दूसरा रूट चार मूर्ति चौक से 130 मीटर चौड़ी सड़क और जिम्स होते हुए एयरपोर्ट पहुंचेगा। तीसरा रूट मकौड़ा गोलचक्कर से नासा पार्किंग और सेक्टर पी-7 के रास्ते एयरपोर्ट तक संचालित होगा। चौथा रूट सेक्टर-16 से तिलपता, स्वर्ण नगरी, यथार्थ अस्पताल और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय होते हुए एयरपोर्ट तक जाएगा। प्राधिकरण का कहना है कि इन रूटों के जरिए शहर के प्रमुख आवासीय और संस्थागत क्षेत्रों को सीधे एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों के साथ रोजाना सफर करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






