नोएडा मेट्रो के दो बड़े विस्तार प्रोजेक्ट शुरू, रोजाना 2 लाख यात्रियों को मिलेगा फायदा, 2670 करोड़ होंगे खर्च

top-news
नोएडा मेट्रो के दो बड़े विस्तार प्रोजेक्ट के लिए जल्द टेंडर जारी होंगे। सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़की स्टेशन तक मेट्रो विस्तार से करीब 2 लाख यात्रियों को फायदा मिलेगा।

नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) जल्द ही शहर को बड़ी मेट्रो सौगात देने जा रहा है। आगामी सात दिनों में दो अहम मेट्रो विस्तार परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। इनमें ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़की रेलवे स्टेशन तक लिंक लाइन और सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक एक्वा लाइन विस्तार शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक कंपनी चयन प्रक्रिया में करीब 30 दिन लगेंगे और जून से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इन दोनों परियोजनाओं से भविष्य में करीब दो लाख यात्रियों को सीधा फायदा मिलने का दावा किया जा रहा है।


दो बड़े मेट्रो रूट पर जल्द शुरू होगा काम
एनएमआरसी के अनुसार सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक बनने वाली लिंक लाइन करीब 11.56 किलोमीटर लंबी होगी। इस रूट पर आठ नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर लगभग 2254 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़की रेलवे स्टेशन तक 2.6 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी, जिसमें दो स्टेशन शामिल होंगे। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 416 करोड़ रुपए बताई गई है।


टेंडर प्रक्रिया पूरी, जून से निर्माण की तैयारी
एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक ने बताया कि टेंडर क्लॉज को लेकर कुछ आपत्तियां सामने आई थीं, जिनका समाधान कर लिया गया है। फाइनल ड्राफ्ट तैयार हो चुका है और दो से तीन दिन के भीतर टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। इसके बाद निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि अगर प्रक्रिया तय समय पर पूरी हुई तो जून 2026 से निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।


ग्रेनो वेस्ट मेट्रो को भी जल्द मिल सकती है मंजूरी
सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 चार मूर्ति गोलचक्कर तक प्रस्तावित 7.5 किलोमीटर मेट्रो विस्तार परियोजना की डीपीआर भी आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय को भेजी जा चुकी है। जल्द ही इस परियोजना पर मंत्रालय में प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले एक महीने में इस रूट को भी मंजूरी मिल सकती है।


राइडरशिप बढ़ाने पर फोकस
वर्तमान में एक्वा मेट्रो में रोजाना करीब 60 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। एनएमआरसी का लक्ष्य इसे बढ़ाकर दो लाख तक पहुंचाने का है। अधिकारियों का मानना है कि बॉटेनिकल गार्डन लिंक और ग्रेनो वेस्ट कनेक्टिविटी शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा होगा। खासतौर पर सेक्टर-51 से चार मूर्ति तक का प्रस्तावित रूट सबसे ज्यादा व्यस्त रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *