नोएडा रीजन में सीबीएसई 12वीं परीक्षा में लड़कियों ने मारी बाजी, 85.93 प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम, कई स्कूलों में 100 प्रतिशत रहा रिजल्ट
- Shiv Kumar
- 13 May, 2026
सीबीएसई ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस बार नोएडा रीजन का कुल परीक्षा परिणाम 79.43 प्रतिशत दर्ज किया गया है। बोर्ड के अनुसार, नोएडा रीजन में कुल 1 लाख 23 हजार 490 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 1 लाख 22 हजार 322 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। रिजल्ट जारी होने के बाद स्कूलों और छात्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। हालांकि पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार परिणाम में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में नोएडा रीजन का रिजल्ट 81.29 प्रतिशत रहा था, जबकि 2024 में 80.27 प्रतिशत और 2023 में 90.27 प्रतिशत छात्र सफल हुए थे। इस बार देशभर की रीजनल रैंकिंग में नोएडा 20वें स्थान पर रहा।
लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर
सीबीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, लड़कियों का प्रदर्शन इस बार भी लड़कों से बेहतर रहा। लड़कियों का पास प्रतिशत 85.93 दर्ज किया गया, जबकि लड़कों का रिजल्ट 73.91 प्रतिशत रहा। नोएडा में 57 परीक्षा केंद्रों पर करीब 19 हजार से ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हुई थीं। कई बड़े स्कूलों का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा। इनमें डीपीएस, एमिटी, रेयान, एपीएस, विश्व भारती पब्लिक स्कूल, बाल भारती, मॉडर्न स्कूल, लोटस वैली, इंडस वैली और शिव नादर जैसे स्कूल शामिल हैं। रिजल्ट जारी होते ही स्कूल परिसरों में छात्रों और अभिभावकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
मेरिट लिस्ट नहीं जारी होने पर छात्रों की मिली-जुली राय
सीबीएसई ने इस बार भी मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है। बोर्ड का कहना है कि इसका उद्देश्य छात्रों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा का दबाव कम करना है। जानकारी के अनुसार, कई स्कूलों में 85 प्रतिशत से ज्यादा छात्रों के अंक 90 प्रतिशत से ऊपर आए हैं। छात्रों का कहना है कि मेरिट लिस्ट न आने से प्रतियोगिता का दबाव कम होता है, लेकिन कुछ छात्रों को लगता है कि इससे उनकी उपलब्धि सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ पाती। लंबे इंतजार के बाद रिजल्ट जारी होने से छात्रों ने राहत महसूस की है और अब वे आगे की पढ़ाई और करियर की तैयारी में जुट गए हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






