नोएडा में महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, युवक ने कॉल करके मिलने बुलाया था, पुलिस जांच में जुटी
- Shiv Kumar
- 15 May, 2026
नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र स्थित चोटपुर कॉलोनी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव किराए के कमरे में बेड पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी उस युवक ने पुलिस को दी, जिसके कमरे में महिला मौजूद थी। युवक ने पुलिस को बताया कि उसने बुधवार रात महिला को अपने कमरे पर बुलाया था। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और खाना खाने के बाद सो गए। गुरुवार सुबह जब वह फैक्टरी जाने के लिए उठा तो महिला को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठी। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को संदिग्ध मानते हुए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कान से खून निकलने पर बढ़ा शक
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला के कान से खून निकल रहा था, जिसके कारण मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी कराई है। शुरुआती पूछताछ में युवक ने बताया कि वह महिला का नाम और पता नहीं जानता। उसने सिर्फ इतना कहा कि महिला पहले भी दो-तीन बार उसके कमरे पर आ चुकी थी। पुलिस को महिला के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज भी नहीं मिले हैं। ऐसे में महिला की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
मोबाइल नंबरों के जरिए पहचान की कोशिश
पुलिस अब महिला के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स के जरिए उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही युवक के बयान और उसके मोबाइल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सेक्टर-63 थाना पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी और यदि किसी तरह की आपराधिक भूमिका सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






