नोएडा में जनगणना की तैयारी तेज, 21 मई तक चलेगी सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया, नागरिकों को दिया जाएगा SE-ID

top-news
नोएडा में जनगणना 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। 21 मई तक नागरिक ऑनलाइन सेल्फ एन्यूमरेशन कर सकेंगे, जबकि 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। अधिकारियों ने जनगणना में सहयोग की अपील की है।

नोएडा में जनगणना 2026 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 7 मई से 21 मई 2026 तक सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया चलाई जा रही है। इस दौरान नागरिक खुद ऑनलाइन अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए लोगों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से जनगणना कार्य में तेजी आएगी और लोगों को भी सुविधा मिलेगी। प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे बढ़-चढ़कर इस प्रक्रिया में हिस्सा लें, क्योंकि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं।


SE-ID से आसान होगी प्रक्रिया

अधिकारियों के मुताबिक सेल्फ एन्यूमरेशन करने वाले नागरिकों को एक विशेष SE-ID दिया जाएगा। जब बाद में जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी सत्यापित करेंगे, तब नागरिकों को यही SE-ID दिखाना होगा। इससे प्रगणकों और आम लोगों दोनों का समय बचेगा और प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सकेगी। अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के लिए नागरिक वेबसाइट www.se.census.gov.in का उपयोग कर सकते हैं। प्राधिकरण का कहना है कि जनगणना का उद्देश्य केवल जनसंख्या का आंकड़ा जुटाना नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं को बेहतर बनाना भी है।


22 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम

प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इसके लिए कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना से जुड़ी सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और किसी भी प्रकार से उनका दुरुपयोग नहीं होगा। वहीं प्रशिक्षण में बिना कारण अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। अधिकारियों के अनुसार लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज करने के साथ उनकी सेवा समाप्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *