नोएडा प्राधिकरण ने लॉन्च की कई बड़ी स्कीमें, इंडस्ट्रियल से होटल तक के प्लॉट होंगे आवंटित, 19 मई से करे आवेदन
- Shiv Kumar
- 16 May, 2026
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने शहर में निवेश और विकास को बढ़ावा देने के लिए एक साथ इंडस्ट्रियल, अस्पताल, नर्सिंग होम, कॉरपोरेट और कमर्शियल प्लॉट की बड़ी स्कीम लॉन्च की है। इन योजनाओं के तहत 19 मई 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक आवेदक 9 जून शाम 5 बजे तक ईएमडी जमा कर सकेंगे, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 जून तय की गई है। इसके बाद ई-ऑक्शन और साक्षात्कार प्रक्रिया के जरिए प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक रिजर्व प्राइस से अधिक बोली लगाने वालों को प्लॉट दिए जाएंगे। वहीं कुछ महत्वपूर्ण संस्थागत प्लॉटों का आवंटन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इस योजना के जरिए औद्योगिक निवेश, स्वास्थ्य सुविधाओं और कमर्शियल गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इंडस्ट्रियल प्लॉट के लिए 19 भूखंड निकाले गए
नोएडा प्राधिकरण की ओर से इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए कुल 19 प्लॉट की स्कीम निकाली गई है। इन प्लॉटों पर मैन्युफैक्चरिंग और प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा सकेंगी। प्लॉट का आकार 115 वर्गमीटर से लेकर 7997 वर्गमीटर तक रखा गया है। ये भूखंड सेक्टर-3, 6, 7, 9, 10, 67, 80, 162, 164 और फेज-2 जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित हैं। प्राधिकरण के अनुसार इनकी रिजर्व कीमत करीब 65 लाख रुपए से लेकर 18 करोड़ रुपए तक निर्धारित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से नए उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। औद्योगिक क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने के लिए आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन रखा गया है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
स्कूल, अस्पताल और होटल के लिए भी बड़े प्लॉट शामिल
प्राधिकरण ने इंस्टीट्यूशनल और कमर्शियल कैटेगरी में भी कई बड़े प्लॉट शामिल किए हैं। स्कूल के लिए सेक्टर-19 में 18 हजार वर्गमीटर और सेक्टर-42 में 5 हजार वर्गमीटर के प्लॉट निकाले गए हैं। इनके रिजर्व प्राइस क्रमशः 143 करोड़ और करीब 21 करोड़ रुपए रखे गए हैं। अस्पताल के लिए सेक्टर-117 और 145 में 10-10 हजार वर्गमीटर के प्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। नर्सिंग होम के लिए सेक्टर-41 और 47 में एक-एक हजार वर्गमीटर के दो प्लॉट ई-ऑक्शन के जरिए आवंटित होंगे। इसके अलावा होटल और कॉरपोरेट गतिविधियों के लिए भी कई बड़े भूखंड योजना में शामिल किए गए हैं। होटल के लिए सेक्टर-71, 124 और 142 में प्लॉट रखे गए हैं, जिनका आवंटन ई-ऑक्शन से होगा। प्राधिकरण का दावा है कि इन योजनाओं से नोएडा में इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश दोनों को बड़ा फायदा मिलेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






