ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट देने के बहाने लूट करने वाला गैंग गिरफ्तार, 20 मोबाइल और हथियार बरामद

top-news
ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों और टैक्सी चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया। पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने उनके पास से 20 मोबाइल फोन, दो कारें, हथियार और नगदी बरामद की है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने राहगीरों और टैक्सी चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सूरजपुर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी और छिनैती के 20 मोबाइल फोन, दो कारें, नगदी, हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के समय नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर में घूमकर लोगों को लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाते थे और फिर उनके साथ मारपीट कर मोबाइल, कैश और कीमती सामान लूट लेते थे। आरोपी टैक्सी चालकों को भी निशाना बनाते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य किराये की गाड़ियां लेकर वारदात को अंजाम देते थे और बाद में गाड़ी वापस कर देते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी सेक्टर ईटा-01 के पास से की गई है।


टैक्सी चालकों को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जानबूझकर अपनी गाड़ी टैक्सी चालकों के सामने लहराकर चलाते थे। जब चालक उन्हें रोकता या विरोध करता था तो आरोपी मारपीट कर उसका मोबाइल, नकदी और जरूरी सामान लूट लेते थे। 16 मई को भी आरोपियों ने सेक्टर ईटा-01 के पास एक टैक्सी चालक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल, पांच हजार रुपये और कार की चाबी लूट ली थी। पुलिस ने बताया कि इसी मामले की जांच के दौरान गिरोह तक पहुंचा गया। आरोपियों के कब्जे से लूट की घटना से जुड़े 4 हजार रुपये, मोबाइल फोन और कार की चाबी भी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट के पैसों को आपस में बांटकर मौज-मस्ती में खर्च करते थे और मोबाइल बेचकर भी रकम जुटाते थे।


दो कारें, तमंचे और चाकू भी बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सिंह, दीपान्शु, तरुण ठाकुर, नवाब भाटी उर्फ संदीप भाटी और मोहित राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वेन्यू और थार कार समेत 19 चोरी और छिनैती के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और तीन चाकू भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से लूट और छिनैती की वारदातों में सक्रिय थे। गिरोह के कुछ सदस्यों पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एनसीआर में सक्रिय ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *