नोएडा में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद, दोस्तों ने युवक को मारा चाकू, इलाके में मचा हड़कंप, आरोपी फरार
- Shiv Kumar
- 18 May, 2026
नोएडा थाना सेक्टर-63 क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां 21 वर्षीय युवक दीपक की उसके ही दोस्तों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में दीपक को पहले नजदीकी अस्पताल और फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव चल रहा था।
पैसों के विवाद में हुआ खूनी हमला
मूल रूप से मैनपुरी के कछुपुरा समशेर गांव निवासी दीपक नोएडा की चोटपुर कॉलोनी में रहकर मजदूरी करता था। जानकारी के मुताबिक दीपक ने अपने दोस्तों अमन और पीयूष से कुछ पैसे लिए थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार शाम करीब 5:30 बजे आरोपी दीपक को घर से बुलाकर ज्ञान दीप स्कूल के पास ले गए। वहां तीनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि अमन और पीयूष ने दीपक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। पेट में कई वार होने से दीपक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए।
मां की शिकायत पर केस दर्ज, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दीपक को अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि मृतक की मां रमन देवी की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो सके। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






