नोएडा के चोटपुर हत्याकांड के आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद
- Shiv Kumar
- 19 May, 2026
नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बहलोलपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान हुई इस मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो नाबालिग साथियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक घायल बदमाशों की पहचान अमन और संदीप के रूप में हुई है, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, कारतूस, चाकू और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि चारों आरोपी हाल ही में चोटपुर कॉलोनी में हुए दीपक हत्याकांड में शामिल थे। दीपक पर पैसों के विवाद में चाकू से हमला किया गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात बहलोलपुर अंडरपास से एफएनजी रोड की ओर ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें अमन और संदीप के पैर में गोली लग गई। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी दीपक हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल थे। वहीं उनके साथ मौजूद दो अन्य बाल अपचारियों को कॉम्बिंग के दौरान हिरासत में लिया गया।
दीपक हत्याकांड के बाद से फरार थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि 17 मई को चोटपुर कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय दीपक पर पैसों के विवाद को लेकर आरोपियों ने चाकू से हमला किया था। गंभीर हालत में दीपक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा बढ़ाकर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे थे। सेक्टर-63 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बहलोलपुर इलाके में आने वाले हैं, जिसके बाद इलाके में चेकिंग बढ़ाई गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू और दो बाइक बरामद की हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके अन्य साथियों की भी जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






