नोएडा में चलती कार में अचानक लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, मौके पर पहुँची फायर ब्रिगेड की टीम

top-news
नोएडा के सेक्टर-63 में देर रात चलती रेनॉल्ट कार में अचानक आग लग गई। एफएनजी फ्लाईओवर बहलोलपुर के पास हुई घटना में चालक ने समय रहते कार से कूदकर जान बचाई। दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, जबकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती हुई रेनॉल्ट कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में आग के गोले में बदल गई। घटना एफएनजी फ्लाईओवर बहलोलपुर के पास की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना रात करीब 1:11 बजे की है। बताया जा रहा है कि कार सेक्टर-63 इलाके से गुजर रही थी, तभी वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैलती चली गईं और पूरी कार जलकर खाक हो गई।


दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही लपटें दिखाई दे रही थीं। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास के वाहनों को दूर कराया और ट्रैफिक को नियंत्रित किया। घटना के बाद सड़क पर काफी देर तक जली हुई कार का ढांचा पड़ा रहा, जिसे बाद में हटाया गया।


शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि देर रात चलती कार में आग लगने की सूचना फायर विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि रेनॉल्ट कार नंबर यूपी15डीआर0145 आग की चपेट में आई थी। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *