नोएडा में बिजली समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने चीफ इंजीनियर को सौंपा ज्ञापन

top-news
नोएडा में भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने बिजली समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता से मुलाकात की। संगठन ने जर्जर लाइनों, बढ़ते बिलों और अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की।

भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) की बैठक बुधवार को सेक्टर-16 स्थित विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व युवा जिला अध्यक्ष ठाकुर अमित गौड़ ने किया, जबकि अध्यक्षता संगठन के परिवहन मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर ने की। इस दौरान जिले के गांवों और नगर क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही बिजली समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने जर्जर विद्युत लाइनों, बढ़ते बिजली बिलों और आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को लेकर विभाग के अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कड़े शब्दों में विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। कार्यकर्ताओं ने बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विभाग को ज्ञापन भी सौंपा।


जर्जर लाइनों और बढ़ते बिलों पर जताई नाराजगी

बैठक में भाकियू लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन विद्युत व्यवस्था उसी पुराने ढांचे पर चल रही है। कई गांवों और कॉलोनियों में जर्जर तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। लोगों के घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनें बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। संगठन ने मांग की कि इन लाइनों को जल्द हटाकर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। इसके अलावा बिजली बिलों में गड़बड़ी और सुधार के लिए लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सभी समस्याओं का समाधान एक ही केंद्र पर किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। बैठक के दौरान बिजली विभाग को कुल नौ प्रमुख समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा गया।


मुख्य अभियंता ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन

विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन ने संगठन की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि विभाग प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण कराने का प्रयास करेगा। बैठक में चौधरी बीसी प्रधान, ओमप्रकाश गुर्जर, ठाकुर अमित गौड़, सतपाल यादव, प्रताप नागर, जीता ठाकुर, सुनील भाटी, महेश तंवर, प्रदीप भाटी, संजय भाटी, खेमे सिंह, शीलू सिंह, राजकुमार उर्फ मोनू, अजब सिंह भाटी, हरि अवाना, विजयपाल भाटी, हरेन्द्र बैसोया, आनंद भाटी, अरुण गौतम और अंकुर कश्यप समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *