नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, 15 बाइक बरामद
- Shiv Kumar
- 21 May, 2026
नोएडा की थाना सेक्टर-58 पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 15 मोटरसाइकिलें और स्कूटर बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी मिले हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वाहन चोरी की कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना और गोपनीय जानकारी के आधार पर सेक्टर-60 स्थित हनुमान मंदिर के पास छापेमारी की। यहां से पुष्पेंद्र, राजू, ब्रजेश और लोकेश नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी संभल जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से दो अवैध चाकू भी बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
दिल्ली-एनसीआर से चुराते थे वाहन
एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, यह गिरोह नोएडा, दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद इलाके में दिन और रात के समय मौका देखकर मोटरसाइकिलें और स्कूटर चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान जगहों पर छिपाकर रखा जाता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य चोरी के वाहन खरीदने वाले ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें कम कीमत में बेच देते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
रेहड़ी लगाकर करते थे रेकी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के दो सदस्य छोले-भटूरे की रेहड़ी लगाते थे। इसी बहाने वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े वाहनों की रेकी करते थे और फिर मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






