नोएडा में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी, टेम्प्रेचर पहुँचा 44 डिग्री, सावधानी बरतने की अपील
- Shiv Kumar
- 22 May, 2026
नोएडा और आसपास के इलाकों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को जिले के लिए हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 23 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उमस भरी गर्मी के चलते लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। दोपहर के समय शहर की सड़कें भी अपेाकृत खाली दिखाई दीं। मौसम विभाग का कहना है कि हवा में नमी का स्तर करीब 60 प्रतिशत तक रहने की संभावना है, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस होगी।
26 मई तक जारी रहेगा गर्म हवाओं का असर
मौसम विभाग ने 24 मई से 26 मई तक जिले में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। IMD ने वार्म नाइट को लेकर भी चेतावनी जारी की है, जिसका मतलब है कि रात का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लोगों को राहत नहीं मिलेगी। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। कई इलाकों में लोग कूलर और एसी का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बिजली खपत में भी इजाफा हुआ है।
बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा सतर्क रहने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग और मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक तेज धूप और लू की वजह से डिहाइड्रेशन, चक्कर और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। लोगों को ज्यादा पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर को ढककर बाहर निकलने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगर जरूरी न हो तो दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचना चाहिए। प्रशासन भी लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील कर रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






