नोएडा श्रमिक आंदोलन में आगजनी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, दर्जनों गाड़ियों में लगाई थी आग, वीडियो के आधार पर हुई गिरफ्तारी
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
नोएडा में 13 अप्रैल 2026 को हुए श्रमिक आंदोलन के दौरान आगजनी और हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी नरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर सेक्टर-63 क्षेत्र में स्थित विपुल मोटर्स के बाहर खड़ी दर्जनों गाड़ियों में आग लगाने और तोड़फोड़ करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक उस दिन बड़ी संख्या में मजदूर और श्रमिक विभिन्न क्षेत्रों में एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके चलते कई इलाकों में कानून व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने हिंसक प्रदर्शन करते हुए वाहनों को आग के हवाले कर दिया था।
लोहे के पाइप से की थी तोड़फोड़, कई वाहन जले
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नरेश कुमार अपने साथियों के साथ विपुल मोटर्स के पास पहुंचा था, जहां पहले से भीड़ जमा थी। आरोप है कि उसने सुनियोजित तरीके से लोहे के पाइप से वाहनों में तोड़फोड़ की और कई चार पहिया व दो पहिया वाहनों में आग लगा दी। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और कई वाहन धू-धू कर जल उठे थे। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की। एकत्र किए गए सबूतों में आरोपी आगजनी करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
हरियाणा आंदोलन से भी जुड़े मिले तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नरेश कुमार मूल रूप से फतेहपुर का रहने वाला है और वर्तमान में सेक्टर-63 क्षेत्र में रहकर महाविरा कंपनी में टेलर का काम करता था। जांच में यह भी पता चला कि वह पहले हरियाणा के मानेसर में हुए श्रमिक आंदोलन में भी शामिल रहा था। आरोपी के मोबाइल फोन से श्रमिक यूनियन से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल नंबर दूसरी कंपनी में पोर्ट करा लिया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






