नोएडा में फर्जी कंपनियां बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
नोएडा में साइबर अपराध थाना पुलिस ने फर्जी कंपनियां बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सेक्टर-44 क्षेत्र से कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, 2800 रुपये नकद, एक मोहर और कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस उपायुक्त साइबर Shaivya Goyal ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश झा, हिमांशु कुमार और जितेंद्र दहिया उर्फ आशू के रूप में हुई है। तीनों दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कंपनियां तैयार कर उनके नाम पर अलग-अलग बैंकों में चालू खाते खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से आए पैसों को जमा करने और बाद में दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था, ताकि रकम को वैध दिखाया जा सके।
कई राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस नेटवर्क के जरिए ठगी के पैसों को अलग-अलग खातों में घुमाकर छिपाने का काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक इनके खिलाफ कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर और पंजाब समेत कई राज्यों में साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतें दर्ज हैं। जांच एजेंसियां अब इन खातों से जुड़े अन्य लोगों और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं।
12वीं पास आरोपी चला रहे थे फर्जी नेटवर्क
पुलिस के अनुसार 29 वर्षीय अविनाश गिरोह का मुख्य सदस्य बताया जा रहा है, जबकि हिमांशु 26 और जितेंद्र 27 वर्ष का है। तीनों सिर्फ 12वीं तक पढ़े हैं, लेकिन कई महीनों से साइबर ठगी के इस नेटवर्क को चला रहे थे। पुलिस अब इनके बैंक खातों, मोबाइल डेटा और दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से बैंक खाता या कंपनी पंजीकृत न कराएं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






