नोएडा में 29 मई तक आरेंज अलर्ट, तापमान पहुँचा 40 डिग्री के पार, सावधानी बरतने की अपील
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
नोएडा में शनिवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में तेज धूल भरी हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इसकी वजह पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हुआ क्लाउड सिस्टम बताया जा रहा है। सुबह कुछ समय तक आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप निकल आई और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं हवा में नमी की मात्रा करीब 37 प्रतिशत दर्ज की गई है।
24 से 29 मई तक हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 24 से 29 मई तक नोएडा समेत एनसीआर क्षेत्र में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रह सकता है, जिससे रात में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। हवा में नमी की मात्रा करीब 29 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
गर्मी से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने की अपील की गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर बना रहेगा, हालांकि उसके बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






