नोएडा के सेक्टर 68 में पेट्रोल पंप की सप्लाई हुई बाधित, पेट्रोल पंप के बाहर लगी लंबी कतारें, पेट्रोल न मिलने से लोग परेशान

top-news
नोएडा के सेक्टर-68 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर पेट्रोल पंप पर सप्लाई बाधित होने से लंबी कतारें लग गईं। पेट्रोल न मिलने से लोग बाइक धक्का देते नजर आए और बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता जताई।

नोएडा के सेक्टर-68 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में मौजूद पेट्रोल पंप पर रविवार को पेट्रोल सप्लाई बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पेट्रोल पंप के बाहर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई लोग घंटों इंतजार करते नजर आए। अचानक सप्लाई प्रभावित होने की वजह से इलाके में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। पेट्रोल न मिलने से सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को हुई। कई लोग अपनी बाइक और स्कूटी को धक्का देते हुए पेट्रोल पंप तक पहुंचे। कुछ लोगों ने बताया कि टंकी में पेट्रोल खत्म होने के बाद उन्हें कई किलोमीटर तक बाइक घसीटनी पड़ी। भीषण गर्मी के बीच लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।


लोगों ने बढ़ती कीमतों पर जताई चिंता

पेट्रोल पंप पर पहुंचे लोगों का कहना है कि पहले ही पेट्रोल के बढ़ते दामों से आम आदमी परेशान है और अब सप्लाई बाधित होने से मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कई लोगों ने कहा कि तेल संकट और कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर उनकी जेब पर पड़ रहा है। रोजमर्रा के खर्च पहले ही बढ़ चुके हैं और अब आने-जाने का खर्च भी लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अगर इसी तरह पेट्रोल सप्लाई प्रभावित रही तो आने वाले दिनों में हालात और खराब हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन और तेल कंपनियों से जल्द सप्लाई सामान्य करने की मांग की है।


गर्मी में बढ़ी परेशानी

भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच पेट्रोल पंप पर लंबा इंतजार लोगों के लिए और मुश्किल भरा साबित हुआ। कई वाहन चालक छांव ढूंढते नजर आए, जबकि कुछ लोग पानी की बोतल लेकर लाइन में खड़े रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो ट्रांसपोर्ट और दैनिक कामकाज पर भी असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *